Tabassum Govil Passes Away: दिग्गज अभिनेत्री तबस्सुम का 78 साल की उम्र में कार्डिएक अरेस्ट से निधन

tabassum,  tabassum death,  veteran actress tabassum,  tabassum cardiac arrest, Entertainment News, Entertainment News In Hindi,तबस्सुम, तबस्सुम निधन, दिग्गज अभिनेत्री तबस्सुम, तबस्सुम कार्डिएक अरेस्ट
दिग्गज अभिनेत्री तबस्सुम का कार्डिएक अरेस्ट से मुंबई में निधन हो गया। वह 78 साल की थीं। तबस्सुम ने शुक्रवार की शाम को अंतिम सांस ली। उनकी मौत से परिवार वाले सदमे में हैं। परिजनों ने 21 नवंबर को उनकी याद में प्रार्थना सभा का आयोजन किया है। तबस्सुम अपने टॉक शो के लिए भी जानी जाती हैं। अभिनय के क्षेत्र में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर बाल कलाकार की थी। उनके बेटे ने बताया वह अस्पताल में भर्ती थीं जब उन्हें कार्डिएक अरेस्ट आया।

अस्पताल में कराया गया था भर्ती

तबस्सुम ने शुक्रवार रात 8 बजकर 40 मिनट पर अंतिम सांस ली। उनके बेटे होशांग गोविल ने इसकी पुष्टि की है। होशांग ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, ‘अस्पताल में देर रात कार्डिएक अरेस्ट से उनका निधन हो गया। वह बिल्कुल स्वस्थ थीं। हमने 10 दिन पहले अपने शो के लिए शूटिंग की थी। अगले हफ्ते फिर से शूट करने वाले थे।‘ उन्होंने आगे कहा, ‘उन्हें गैस्ट्रो की समस्या थी। इस वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह डिस्चार्ज हो गई थीं लेकिन कल फिर उन्हें भर्ती कराया गया। दो मिनट के अंदर उन्हें दो बार कार्डिएक अरेस्ट आया।‘

बचपन से फिल्मों में काम शुरू किया

तबस्सुम ने 1947 में बाल कलाकार के तौर पर करियर की शुरुआत की। उनकी फिल्म ‘नरगिस‘ थी। उन्हें बेबी तबस्सुम के नाम से जाना जाता था। तबस्सुम की अन्य फिल्मों में ‘मेरा सुहाग‘, ‘मझधार‘, ‘बड़ी बहन‘ और ‘दीदार‘ सहित अन्य हैं। वह आखिरी बार 1990 में फिल्म ‘स्वर्ग‘ में नजर आईं।  

हिट रहा टॉक शो

तबस्सुम अपने इंटरव्यू टॉक शो को लेकर चर्चा में रहीं। दूरदर्शन पर उनका सेलिब्रिटी टॉक शो ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन‘ हिट रहा था। शो का प्रसारण 1972 से लेकर 1993 तक हुआ। काफी समय से वह वह यूट्यूब चैनल पर अपना शो कर रही थीं जिसमें वह सेलिब्रिटीज के अनसुने किस्सों को साझा करती थीं। 

जब फैली थी मौत की अफवाह

पिछले साल तबस्सुम कोविड 19 से ठीक हुई थीं। वह करीब 10 दिन तक अस्पताल में भर्ती रही थीं। सोशल मीडिया पर उस वक्त उनकी मौत की अफवाह फैली थी। उनके बेटे ने एक बयान जारी कर कहा था, ‘मुझे इस बात से दुख होता है कि लोग कैसे उनकी तस्वीर के साथ फेक खबरें फैला सकते हैं। यह बिल्कुल अफवाह है। उन्हें कोई हार्ट की बीमारी नहीं है। शुगर नहीं है।‘

Share this story