पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता की सुरक्षा करने वाले गनमैन को मारी गोली, बठिंडा रेफर...

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता की सुरक्षा करने वाले गैनमैन को मारी गोली, बठिंडा रेफर..

दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह की सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस के दो गनमैन ही आपस में ही भिड़ गए। एक गनमैन ने दूसरे पर सरकारी हथियार से गोली चला दी। गोली दूसरे सुरक्षाकर्मी के पेट में लगी है। घायल गनमैन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। घटना मानसा शहर में हुई। गनीमत रही कि इस फायरिंग के दौरान समारोह में मौजूद अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। बताया जाता है कि घटना के दौरान सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह नहीं थे। 


कहासुनी के बाद चलाई गोली
बता दें कि सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उनके पिता बलकौर सिंह को धमकियां मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा में दो जवान नवजोत सिंह और गुरविंदर सिंह तैनात कर रखे हैं। रविवार को नवजोत सिंह छुट्टी लेकर मानसा में एक शादी समारोह में गया था। बताया जाता है कि वहीं दूसरा जवान गुरविंदर सिंह भी मौजूद था। दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद तैश में आए नवजोत सिंह ने अपने सरकारी हथियार से गुरविंदर सिंह पर गोली चला दी। गोली गुरविंदर के पेट में जा लगी। फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। 

सिद्धू मूसेवाला के पिता नहीं थे मौजूद
बताया जाता है कि जिस शादी समारोह में यह घटना हुई उसमें सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह मौजूद नहीं थे। पुलिस ने आरोपी गनमैन नवजोत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अभी घायल गुरविंदर का बयान दर्ज नहीं कर पाई है। नवजोत सिंह ने रविवार को शादी में जाने के लिए छुट्टी ले रखी थी। विवाह समारोह में सरकारी हथियार लेकर जाने की मनाही है। इसके बावजूद नवजोत सिंह सरकारी हथियार लेकर विवाह समारोह में गया था।

बठिंडा रेफर
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घायल गुरविंदर सिंह को लेकर मानसा अस्पताल पहुंची। मानसा अस्पताल में गुरविंदर सिंह का प्राइमरी इलाज किया गया। इसके बाद स्थित को देखते हुए उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया। बठिंडा अस्पताल में गुरविंदर का इलाज जारी है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि आखिर दोनों गनमैन में हुए झगड़े की वजह क्या थी। 

मूसेवाला के पिता ने दिए राजनीति में आने के संकेत
इस बीच सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने सियासत में कदम रखने के संकेत दिए हैं। बलकौर सिंह ने रविवार को गांव मूसा में सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों को संबोधित करते हुए राजनीति में आने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि राजनीति के दरवाजे हर किसी के लिए खुले हैं। अगर उनकी किस्मत में हुआ तो वह भी नेता बन सकते हैं। उन्होंने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार को अपने कार्य कलाप में सुधार करना चाहिए। बीते छह महीने में ही फिरौती की अनेक शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। गैंगस्टरों का आतंक बढ़ गया है। पुलिस की मौजूदगी में लोगों की हत्याएं हो रही हैं। 

Share this story